June 9, 2026
IMG-20250713-WA0019

अशोक कुमार सिंह की रिपोर्ट

आजमगढ़:छेड़खानी का विरोध करने पर बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पांच नामजद, दो गिरफ्तार

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के साल्हेपुर गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 60 वर्षीय बिरजू राजभर ने अपनी पौत्री से छेड़खानी का विरोध किया तो पड़ोसियों ने उन पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिरजू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिनमें से दो को हिरासत में ले लिया गया है।

घटना का विवरण:

गुरुवार रात करीब 9 बजे बिरजू राजभर की पौत्री घर के सामने बर्तन धो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अनुज राजभर वहां पहुंचा और गलत नीयत से उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। बिरजू ने इसका विरोध करते हुए अनुज को दो थप्पड़ जड़ दिए। इससे गुस्साए अनुज ने अपने परिजनों—त्रिपुरारी राजभर, कल्लू राजभर, रुग्दी देवी (पत्नी बालकिशुन राजभर), यंशवती (पुत्री बालकिशुन)—के साथ मिलकर बिरजू के घर पर हमला कर दिया।हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से बिरजू, उनकी पत्नी कलावती देवी और पुत्रवधू सरस्वती देवी को बुरी तरह पीटा। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत बिगड़ने पर बिरजू ने शुक्रवार तड़के दम तोड़ दिया।

पुलिस कार्रवाई:

घटना की जानकारी मिलते ही मेड़िया चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र गणपत राजभर की तहरीर पर पुलिस ने अनुज राजभर, त्रिपुरारी राजभर, कल्लू राजभर, रुग्दी देवी और यंशवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

See also  ब्लॉक संसाधन केंद्र नगरा कार्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में किया गया।

परिवार का हाल और प्रशासन की प्रतिक्रिया:

मृतक बिरजू राजभर अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी कलावती देवी, पुत्रवधू सरस्वती और तीनों बेटियां गहरे सदमे में हैं।इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि पांच आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।

Author Profile

अभिषेक मिश्रा
अभिषेक मिश्रा
अभिषेक मिश्रा (सदाशिव मिश्रा ) , प्रधान सम्पादक , मो. 7317718183

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *